पुन्हाना। बिछौर थाना क्षेत्र के गांव सिंगार में गोकशी की तैयारी की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर तीन गोवंश को मुक्त कराया। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों गोवंश को सुरक्षित गोशाला भिजवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, दो नवंबर की रात करीब 11 बजे एएसआई अमर सिंह को सूचना मिली थी कि बशीर, ढुल्लक उर्फ नसीम और इमरान गांव के एक खाली प्लॉट में गायों को बांधकर गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां रस्सियों से बंधी तीन गायें मिलीं। पुलिस को देखकर तीनों संदिग्ध भाग निकले। पुलिस ने सफेद और काले रंग की तीन गायों को मुक्त कराया तथा घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई। बिछौर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गौ संवर्धन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच अधिकारी पवन के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।