50 हजार के इनामी बदमाश को पकड़ा
हथीन। एवीटी स्टाफ की टीम ने 50 हजार के इनामी बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर फरीदाबाद में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को गश्त के दौरान एवीटी स्टाफ की टीम के इंचार्ज हकिमुद्दीन खान, हैड कांस्टेबल साबिर और कांस्टेबल संदीप को सूचना मिली की चांदहट थाना अंतर्गत गांव घाघोट निवासी यासीन उर्फ गधा अवैध हथियार के साथ बिघावली गांव के बस अड्डा पर खड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक 315 बोर का लोडिड देसी कट्टा और दो जिंदा रौंद मिले।
एवीटी स्टाफ के इंचार्ज हकिमुद्दीन ने बताया कि उक्त बदमाश के विरुद्ध मध्यप्रदेश के नीमच थाना एटीएम चोरी का एक मुकदमा वर्ष 2018 में दर्ज हुआ था। मध्यप्रदेश पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ फरीदाबाद के सेक्टर- 58 में 279, 337, 338, 304ए और 427 आईपीसी के तहत भी मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार बदमाश को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।