संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पुलिस ने दो तस्करों को नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाइयों सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी वरुण सिंगला के निर्देशन और थाना कैंप प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल की अगुवाई में की गई।
जानकारी के अनुसार, एएसआई मनोज कुमार अपनी टीम के साथ आगरा चौक पलवल क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि दो युवक वैगनार कार (नंबर एचआर 30 एबी 1197) में श्रद्धानंद पार्क के पास नशीले इंजेक्शन बेचने की फिराक में हैं। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार चालक अतुल निवासी न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी पलवल तथा उसके साथी पुनीत निवासी अलावलपुर हाल शिव कॉलोनी असावटा मोड़ को पकड़ लिया।
डीएसपी नरेंद्र खटाना की मौजूदगी में की गई तलाशी में कार की ड्राइवर सीट के नीचे रखे डिब्बे से बायोनॉर्फिन के तीन इंजेक्शन, डाईजेपाम के सात इंजेक्शन, अविल की तेरह शीशियां और छह सिरिंज बरामद हुईं। ड्रग कंट्रोल अधिकारी संदीप गहलावान की रिपोर्ट के अनुसार ये सभी इंजेक्शन एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित पाए गए। पुलिस ने गाड़ी और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर थाना कैंप में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।