होडल। क्राइम ब्रांच पुलिस टीम ने कस्बा हसनपुर के गांव करीमपुर में दहेज नहीं मिलने से नाराज सुसराल वालों ने 22 वर्षीय प्रीति की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस मामले में टीम ने मृतक महिला के आरोपी पति को गिरफ्तार किया हैं। टीम ने आरोपी को काबू कर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी जगविंदर सिंह ने बताया कि गांव करीमपुर में 27 सितंबर की रात को बेड पर सोते समय विवाहिता प्रीति की सास रामवती, ननद व मामा सहित पति रोहित ने तेज धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी थी। थाना पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला के पिता लक्खी सिंह निवासी कोटवन की शिकायत पर नामजद आरोपियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। टीम ने हत्या के मामले में फरार पति रोहित को गांव के बाहर से काबू कर हसनपुर थाना पुलिस को सौंप दिया।वहीं, थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोपी को अदालत में पेश कर हत्या में प्रयोग हथियार को बरामद करने को लेकर अदालत से रिमांड की मांग की है।