- बेहोशी की हालत में पिता भी करता था दुष्कर्म, चार माह तक चला सिलसिला
- परेशान होकर जीजा के पास भाग गई किशोरी, वहां से भी नकदी व जेवरात ले गई मां
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जिले के एक गांव में मां-बाप ने ही अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को वेश्यावृत्ति में उतार दिया। आरोप है कि मां-बाप द्वारा बेटी को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी की हालत में चार माह तक वेश्यावृत्ति कराते रहे। किशोरी ने अपने पिता पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है। परेशान होकर पीड़िता अपने जीजा के पास रहने लगी तो वहां से भी उसकी शादी के लिए एकत्रित किए एक लाख रुपये व चांदी भी उसकी मां ले गई। महिला थाना पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर नामजद माता-पिता के खिलाफ षडयंत्र कर नशीला पदार्थ खिलाने, पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशीला देवी के अनुसार एक गांव निवासी एक लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी मां रात के समय खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर देती थी। बेहोशी की हालत में उसका पिता व अन्य लोग उसके साथ दुष्कर्म करते थे। ऐसा चार माह से चला आ रहा था। मां-बाप दुष्कर्म कराने के लिए रुपये लेते थे। परेशान होकर पीड़िता भागकर अपने जीजा व बहन के पास आ गई और उनके साथ रहने लगी। शिकायत में कहा कि उसके जीजा ने उसकी शादी के लिए एक लाख रुपए व 500 ग्राम चांदी जोड़ रखे थे, जिन्हें उसके जीजा ने हथीन में एक व्यक्ति के पास रखा हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि इस बारे में उसकी मां को पता चल गया तो वह उक्त व्यक्ति से एक लाख रुपए व 500 ग्राम चांदी भी ले गई। शिकायत में कहा गया कि उसके मां-बाप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कोई और अपने बच्चों के साथ इस तरह का बर्ताव न करे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी माता-पिता व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।