मंडी में धान की आवक बृहस्पतिवार को शुरू हो गई, पहले ही दिन अनाज मंडी में 150 कुंतल धान की आवक हुई। शुरूआत में किसानों को धान का भाव भी अच्छा मिला। धान का भाव 18 सौ रुपये से 35 सौ रुपये प्रति कुंतल मिल रहा है।
मार्केट कमेटी के सुपरवाइजर सुमरथ चौहान ने बताया कि मंडी में धान की आवक शुरू हो गई। बृहस्पतिवार को मंडी में पहले दिन 150 कुंतल धान बिक्री के लिए पहुंचा। अभी शुरूआत हैं। हर रोज अब तेजी से धान की आवक में बढ़ोतरी होगी।
शुरूआत में धान में थोड़ी नमी होने की वजह से किसानों को धान की फसल को बेचने में परेशानी जरूर आ रही है, क्योंकि कुछ व्यापारी धान की फसल को सूखने के बाद ही खरीदते हैं।
इस वर्ष धान की बेहतर पैदावार हुई है। इससे इस बार पिछले सारे रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद नजर आ रही है। मंडी में धान आने से आढ़तियों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई देने लगी है।
किसान जल्द से जल्द फसल बेचकर अगली फसल के लिए खाद, बीज, खरपतवार नाशक दवाई आदि खरीदना चाहते हैं। जिससे आगे बुआई में सुविधा रहे। मंड़ी में सरबती धान की कीमत 18 सौ से 23 सौ रुपये प्रति कुंतल, बासमती तीन हजार से साढ़े तीन हजार रुपये प्रति कुंतल के भाव बिक रहा है।
किसान भूपेन्द्र, जसमत व गिर्राज आदि ने बताया कि इस वर्ष शुरूआत में बासमती धान की कीमत अच्छी मिल रही है जिससे किसानों को फायदा मिलेगा।