थाना पुलिस ने एटीएम बूथ से बुजुर्ग महिला का कार्ड बदलकर लगभग 1.19 लाख रुपये निकालने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुखराम निवासी गांव बढ़राम पर फरीदाबाद और पलवल के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, चोरी जैसे 15 केस दर्ज हैं।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि 15 नवंबर 2025 को पांडवन कॉलोनी निवासी बुजुर्ग मोहनवती ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि एटीएम से पैसे निकालने के दौरान दो अज्ञात बदमाश आए और उनके एटीएम कार्ड को बदल दिया और वहां से चले गए। इसके बाद महिला के खाते से अलग-अलग समय पर पैसे कटने के मैसेज आए। बदमाशों ने 1 लाख 19 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। जांच अधिकारी पीएसआई सुदेश कुमार ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की। बुधवार सुबह सूचना मिली कि सुखराम दुर्घटना में घायल होकर घर पर है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को घर से काबू किया और अदालत में पेश किया। थाना प्रभारी ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अज्ञात व्यक्ति पर भरोसा न करने की अपील की है। संवाद