पथराव में मीडिया कर्मी घायल, दो नामजद सहित 2-3 अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। उपमंडल के गांव सौन्दहद में स्थित सरकारी स्कूल में मंगलवार की देर शाम जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए रात्रि ठहराव के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। घटना के दौरान जिला स्तर के अधिकारी बच गए लेकिन घटना में मीडिया कर्मी घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए होडल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के दौरान डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, एसपी चंद्रमोहन ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान कर रहे थे। उनके साथ डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, एसडीएम बैलिना सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने इस मामले में मुंडकटी थाना प्रभारी रेणू शेखावत की शिकायत पर गांव निवासी जल्ली और बेटे गोविंद सहित 2-3 अन्य के खिलाफ मारपीट कर घायल करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
गांव सौन्दहद में डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ व एसपी चंद्रमोहन विभागीय अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने स्कूल के पीछे पहुंचकर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें मीडिया कर्मी चंद्रप्रकाश गर्ग के सिर पर पत्थर लग गया और वह घायल हो गए। वहीं, कार्यक्रम में लगे हुए पंडाल पर युवकों द्वारा फेंके गए पत्थर ऊपर ही रह गए। अगर पंडाल नहीं लगा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रात्रि ठहराव के दौरान हुए पथराव के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में डीसी डॉ. वशिष्ठ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बकाया कुछ शिकायतों के निवारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिख दिया है, सभी समस्याओं का निवारण किया जाएगा। वहीं, गांव के सरपंच पंडित तुहिराम ने ग्राम पंचायत सदस्यों के सहित जिला प्रशासन से रात्रि ठहराव के दौरान हुई घटना की निंदा करते हुए सामाजिक तत्वों द्वारा किए गए घटनाक्रम की गलती का एहसास करते हुए माफी मांगी है।