संवाद न्यूज एजेंसी
हसनपुर। हसनपुर थाना अंतर्गत यमुना खादर में बाप-बेटे ने हथियारों से लैस अपने साथियों सहित एक किसान के 10 एकड़ खेत में खड़ी फसल ट्रैक्टर द्वारा नष्ट कर दी। पीड़ित किसान ने जब आरोपियों को रोका तो उन्होंने पीड़ित और उसके परिवार के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पुलिस टीम स्कॉर्पियो गाड़ी की सीट के नीचे से पौना रायफल सहित 17 कारतूस व दी खोल बरामद किए। किसान की शिकायत के आधार पर बाप बेटों सहित 15 अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना हसनपुर प्रभारी संजीव कुमार में बताया कि गांव अतवा निवासी दुष्यंत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 25 एकड़ जमीन गांव के यमुना खादर में पट्टे पर ले रखी है। 11 अक्टूबर को गांव बिलोचपुर निवासी धर्मपाल व उसके बेटे जीतू ने जबरन उनके दस एकड़ खेत में खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जोत कर नष्ट कर दिया। पीड़ित ने शिकायत में कहा कि आरोपी पूर्व चेयरमैन संतराज व उसके चचेरे भाई बीरपाल की हत्या के केस में अदालत से जमानत पर है और इन आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रैक्टर से उसकी फसल को जोत दिया। जब वह मौके पर पहुंचे तो उसके साथ मारपीट कर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उसे दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल पर स्कॉर्पियो कार से पौना राइफल सहित 17 कारतूस व दो खाली खोल के साथ आरोपी जीतू को काबू कर लिया। वहीं थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।