पलवल। करीब 11 माह बाद बुधवार से तीसरी से पांचवीं तक की कक्षाएं लगनी शुरू हो गई। शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार सुबह 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक कक्षाएं लगाई जाएंगी। हालांकि पहले दिन जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम रही। अभिभावकों की अनुमति के साथ ही उन्हें प्रवेश दिया गया। वहीं कोरोना गाइडलाइन का भी पालन किया गया।
कोविड-19 के चलते मार्च 2020 में स्कूलों को बंद कर दिया गया। दिसंबर में नौंवी से बारहवीं तक कक्षाएं शुरू की गई। उसके बाद छठी से आठवीं तक की कक्षाएं शुरू हो गई। अब तीसरी से पांचवीं की कक्षाएं शुरू की गई हैं। स्कूलों में आने के लिए विद्यार्थियों को बाध्य नहीं किया गया है। ऑनलाइन पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थी अपनी पढ़ाई घर से ही जारी रख सकते हैं। स्कूल आने वाले विद्यार्थियों के लिए अभिभावकों को अनुमति अनिवार्य है। बुधवार को शिक्षकों व विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। हाथ सैनिटाइज कराने के बाद प्रवेश दिया गया। गांव सुल्तापुर के राजकीय स्कूल में तीसरी कक्षा के 17 में 10 विद्यार्थी, कक्षा चार के 10 में तीन विद्यार्थी व कक्षा पांच के 27 में से 12 विद्यार्थी ही पहुंचे। इसी प्रकार में पलवल के जवाहर नगर कैंप राजकीय स्कूल में कक्षा तीन के 22 में से पांच विद्यार्थी, कक्षा चार के 39 में से सात व कक्षा पांच के 21 में से 8 विद्यार्थी पहुंचे।
पहले दिन सीमित संख्या में ही आए छात्र
हथीन। तीसरी कक्षा से पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए बुधवार से स्कूल तो खुले लेकिन सीमित संख्या में ही छात्र आए। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि सभी शिक्षण स्टाफ ने छात्रों से गाइडलाइन के तहत अभिभावकों से लिखित सहमति पत्र लाने, मास्क लगाने व अन्य एडवाइजरी के बारे में बताया। संवाद