पलवल। श्रीश्याम प्रेमी परिवार ने मंगलवार को एकादशी के अवसर पर पलवल शहर में निशान यात्रा निकाली गई। इस विशाल निशान यात्रा का हुडा सेक्टर दो मोड़ से शुभारंभ किया गया। यात्रा को विधायक दीपक मंगला, एतिहासिक पंचवटी मंदिर के महंत कामता दास महाराज व महंत ऋषिदास महाराज ने श्याम बाबा की झंडी दिखाकर रवाना किया। निशान यात्रा में शामिल खाटू श्याम की छवि को पालकी में लेकर श्याम प्रेमी चल रहे थे। साथ ही यात्रा में शामिल महिलाएं व पुरुष आगे नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा में देवी-देवताओं की झांकियां भी निकाली गईं। खाटू श्याम की झांकी ने सभी का मन मोह लिया। निशान यात्रा में एक बग्गी में महंत कामता दास महाराज व महाराज ऋषि दास यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। जबकि अन्य भक्त पैदल हाथों में खाटू श्याम के झंडे लेकर भजन गाते चल रहे थे।
यह निशान यात्रा हूुडा सेक्टर दो से चलकर पुराने जीटी रोड होते हुए शहर के मुख्य बाजारों से निकलकर महाराजा अग्रसेन चौक मीनार गेट से होते हुए सोहना मोड़, न्यू सोहना मोड़ से होते हुए एतिहासिक पंचवटी मंदिर पर पहुंची। यात्रा में शामिल भक्तों ने एक-दूसरे पर रंग व गुलाल उड़ाया। होली के भी गीत गाए गए।
मंदिर पर पहुंचने के बाद संकीर्तन हुआ तथा खाटू श्याम के भजनों ने सारे माहौल को भक्तिमय बना दिया। लोगों ने संकीर्तन में देर शाम तक आनंद लिया। श्याम प्रेमी डॉ. शिव कुमार गुप्ता, मुकेश मित्तल ने बताया कि श्याम बाबा की पालकी निकालते हुए जिस तरह से श्याम प्रेमी पंचवटी मंदिर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचे हैं, उससे पूरा शहर खाटू श्याम के रंग में रंग गया। यात्रा का जगह-जगह श्याम प्रेमियों ने स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए पानी, शीतल पेय की व्यवस्था की हुई थी। महंत कामता दास महाराज व विधायक दीपक मंगला ने कहा कि पलवल ब्रज क्षेत्र का हिस्सा है। ऐसे में इस तरह के भक्तिमय कार्यक्रम यहां ब्रज की संस्कृति को दर्शाते हैं। यहां के लोग सही मायने में भक्त हैं।