उपायुक्त अखिल पिलानी ने नागरिकों से भागीदारी की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। आजादी के अमृतकाल के तहत नूंह जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान उत्साहपूर्वक आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से इन अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करे तथा स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाए। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं साइकिल रैलियां, तिरंगा कॉन्सर्ट, देशभक्ति गीत-संगीत कार्यक्रम, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनी, सेल्फी विद तिरंगा अभियान तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल किया जाएगा। उपायुक्त ने एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने की भी अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी माता के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाए।