राजकीय महाविद्यालय का नाम किया रोशन, सीएटीसी 159 कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन
कैडेट्स को स्वर्ण पदक व प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर के पुन्हाना चौक स्थित राजकीय महाविद्यालय की एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स ने फरीदाबाद में आयोजित सीएटीसी-159 कैंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक व प्रशस्ति पत्र हासिल किए। दस दिवसीय यह कैंप चार हरियाणा गर्ल्स बटालियन की ओर से कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमित बिष्ट व एसएम सूबेदार मेजर रामू सिंह के निर्देशन में 27 सितंबर से छह अक्तूबर तक आयोजित किया गया था। इसमें चार जिलों के 18 विद्यालयों व महाविद्यालयों की 600 कैडेट्स ने भाग लिया, जिनमें से राजकीय महाविद्यालय होडल की 71 कैडेट्स शामिल रहीं।
कैंप के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, योग, फील्ड क्राफ्ट, वेपन ट्रेनिंग, मैप रीडिंग व आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। राजकीय महाविद्यालय की कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार जीते। प्रिया और मोनिका को कैंप सीनियर बनाकर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया, जबकि कुमकुम ने वाद-विवाद में प्रथम व कविता वाचन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शीतल ने तेज दौड़ में द्वितीय, ज्योति व चांदनी ने गार्ड ऑफ ऑनर में प्रथम और लक्ष्मी व पूजा को आईटी रूम में उत्कृष्ट कार्य के लिए गोल्ड मेडल मिला। कैंप सीटीओ डॉ. गुंजन कालरा को भी ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ओझा ने सभी विजेता कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।