होडल। पुन्हाना चौक स्थित राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय कैडेट कोर सर्टिफिकेट ए और बी के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। महाविद्यालय के मैदान में बुधवार को रिहर्सल का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की राष्ट्रीय कैडेट कोर की इकाई इंचार्ज मीनू रानी ने बताया कि पलवल के राजकीय अंबेडकर महाविद्यालय में 21 दिसंबर से 27 दिसंबर तक सात दिवसीय राष्ट्रीय कैडेट कोर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें छात्राओं को आत्मरक्षा और देश में चल रही वर्तमान परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी और परिस्थितियों का सामना करने के लिए अभ्यास कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उक्त कैंप में राइफल डिसेंबलिंग, राइफल असेंबलिंग, रफ एंड टफ सिचुएशन, जंपिंग, राइफल फायरिंग, परेड, अन्य फाइटिंग स्किल का अभ्यास कराया जाएगा। जिसमें छात्राओं को एक परीक्षा देनी होगी। परीक्षा पास करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र ए और बी प्रदान किया जाएगा। कैंप में मुख्य निरीक्षक हवलदार टी सिंह, सूबेदार राजवीर, बीएचएम संजय कुमार महाविद्यालय की छात्राओं को ट्रेनिंग देंगे। जिसको लेकर महाविद्यालय में छात्राओं द्वारा तैयारी की गईं।
200 कैडेट्स ले रही हैं प्रशिक्षण
पलवल। डॉ.बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को एनसीसी गर्ल बटालियन का सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों की 200 कैडेट्स प्रशिक्षण ले रही हैं। शिविर का शुभारंभ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी व कॉलेज प्राचार्य डॉ. बाबू लाल शर्मा ने किया। कॉलेज की एनसीसी यूनिट प्रभारी डॉ. दीपिका छाबड़ा ने बताया कि शिविर में राजकीय महाविद्यालय पलवल, राजकीय महाविद्यालय होडल, आईएस मेमोरियल स्कूल होडल, बीवीएन स्कूल खांबी के कैडेट्स शामिल हैं। हरियाणा गर्ल बटालियन के नायब सूबेदार राजबीर सिंह ने बताया कि आपातकाल के लिए कैडेट्स को तैयार किया जा रहा है। इसमें मीनू रानी, सुमन सौरोत, चाहना शर्मा, डॉ.चंद्रशेखर वशिष्ठ, तरूण सैनी, डॉ. योगेश बैंसला, ओम प्रकाश शर्मा, डॉ. प्रखर, सरिता देवी आदि मौजूद रहे। संवाद