पलवल। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार ने निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिला संचालन समिति की बैठक आयोजित की। इसमें अधिकारियों और शिक्षकों को क्लास रूम विजिट बढ़ाने और मिशन की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की संख्यात्मक साक्षरता में सुधार कर उन्हें गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
सीईओ ने ड्रॉप आउट बच्चों को दोबारा स्कूलों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में चहारदिवारी, छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और पानी की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को लेखन-पाठन निपुण बनाने, संविधान की प्रस्तावना का वाचन, न्यूज पेपर रीडिंग और जीरो पीरियड जैसी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिए।