पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष का है शोरूम, वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। बुधवार की सुबह नगर के रेवाड़ी मार्ग के बावला चौक पर स्थित पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के मोबाइल शोरूम में सेंध लगाकर अज्ञात चोर 12 लाख से अधिक के मोबाइल व अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे कार में सवार होकर आए तीन युवकों ने अंजाम दिया है। शिकायत मिलने पर शहर थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
वार्ड नंबर-7 निवासी सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि रेवाड़ी रोड पर भारत सेल्स एजेंसी के नाम से उनका मोबाइल शोरूम है। आठ जनवरी सुबह अज्ञात युवक दुकान का ताला तोड़ अंदर घुसे। जिन्होंने दुकान से पचास हजार रुपये की नकदी, आठ घड़ी, आठ इयरबड्स और 50 स्मार्ट फोन चुरा लिए, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये थी। इसके अलावा दुकान में रजिस्टर सहित कुछ जरूरी दस्तावेजों को भी चोरी करके ले गए। उन्होंने बताया कि यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। तीन व्यक्ति कार में सवार होकर आए थे, जिन्होंने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सुरेश की शिकायत पर पुलिस मामले की कार्रवाई में जुट गई है।