संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। विधानसभा क्षेत्र पलवल से नव निर्वाचित विधायक गौरव गौतम शुक्रवार को एक्शन मोड में दिखाई दिए। विधायक बनने के तीसरे दिन ही गौरव कमेटी चौक स्थित नगर परिषद कार्यालय में निरीक्षण करने पहुंच गए। दलबल के साथ पहुंचे विधायक को देखकर कर्मचारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान परिषद कार्यालय के ज्यादातर अधिकारी व कर्मचारी गैर हाजिर मिले। उन्होंने रजिस्टर में सभी कर्मचारियों की हाजिरी की जांच की। एक कर्मचारी की आने वाले कल की भी हाजिरी लगी हुई थी। इस दौरान विधायक ने गैरहाजिर मिले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विधायक के निर्देश पर कार्यकारी अधिकारी द्वारा 13 गैर हाजिर कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। विधायक ने लोगों से मिलकर भी समस्याएं जानी। इस दौरान प्रॉपर्टी आइडी व एनओसी शिकायतें ज्यादा मिलीं।
दरअसल, नगर परिषद अधिकारियों पर लंबे समय से भ्रष्टाचार का आरोप लगते रहे हैं। आए दिन लोगों द्वारा प्रॉपर्टी आईडी व एनओसी के नाम पर रुपये लेने के बाद भी कार्य न करने का आरोप लगाया जाता है। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था से भी लोग परेशान हैं। इन्हीं शिकायतों पर शुक्रवार को पलवल के नव निर्वाचित विधायक गौरव गौतम नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान अधिकारियों में एक्सईएन से लेकर जेई तथा क्लर्क से लेकर चपरासी तक गैरहाजिर मिले। विधायक हाजिरी रजिस्टर की जांच की तो दो दर्जन से ज्यादा कर्मचारी व अधिकारी गैरहाजिर मिले। कुछ कर्मचारी निरीक्षण की सूचना मिलते ही कार्यालय पहुंचे और अपनी हाजिरी लगाई। विधायक ने कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी गैर हाजिर कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कुछ अधिकारियों के जिला उपायुक्त द्वारा बुलाई गई बैठक में जाने की बात बताई गई।
इस अवसर पर विधायक गौरव गौतम ने कहा कि नगर परिषद कार्यालय में भ्रष्टाचार की काफी शिकायतें हैं। अधिकारियों ने प्रॉपर्टी आईडी व एनओसी के नाम पर लूट मचाई हुई है। चुनाव से पहले भी उन्हें शिकायतें मिलती रही हैं। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था बड़ा मुद्दा है। उनका प्रयास है कि पलवल के स्वच्छता सूचकांक में प्रथम स्थान पर लाया जाएगा। जल्द ही एक नंबर पलवल की जनता के लिए जारी किया जाएगा, जिन पर नगर परिषद में भ्रष्टाचार की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इन कर्मचारियों को जारी किया गया नोटिस
विधायक गौरव गौतम के निर्देश पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी द्वारा 13 गैर हाजिर कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें कनिष्ठ अभियंता अनीश अहमद व हर्ष कुमार, भवन निरीक्षक दलजीत, लिपिक चंचल व लोकेश, चालक राजू, एमसीसी सुनीता भारद्वाज, हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे लिपिक सुनील, अमन, मंजू व राहुल, डीईओ ज्योति चौधरी और सेवादार जितेंद्र शामिल हैं।
अनाज मंडी का भी किया निरीक्षण
विधायक गौरव गौतम ने शुक्रवार को ही शहर की अनाज मंडी का भी दौरा किया। उन्होंने धान की फसल खरीद का जायजा लिया और किसानों से बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने अनाज मंडी और सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। फसलों की सरकारी खरीद जल्द से जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए गए।