पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे दो बदमाश दिनेश के घर पहुंचे। उस समय दिनेश घर के पीछे चारपाई पर सो रहा था। बदमाशों ने उसे लकड़ी से बांध दिया और हथियार दिखाकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
एक बदमाश दिनेश पर नजर रखे रहा, जबकि दूसरा घर के अंदर घुसकर अलमारी और संदूक खंगालने लगा। करीब 15 मिनट तक बदमाशों ने घर की तलाशी ली और नकदी व सोने के जेवर समेटकर पीछे के रास्ते से फरार हो गए। उनके जाने के बाद दिनेश ने खुद को खोलकर परिवार को जगाया।
परिवार ने जब घर की हालत देखी तो संदूक और कपड़े बिखरे हुए थे तथा कीमती सामान गायब था। सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।