पलवल। रविवार को नेशनल हाईवे-19 पर कुशलीपुर गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब के संगरूर निवासी हरनाम सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरनाम सिंह शराब ठेके के सामने हाईवे पार कर रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन अजीत सिंह और उनके साथी घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने घायल को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल, पलवल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि राजस्थान के नौनेरा गांव निवासी अजीत सिंह की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद कार समेत फरार हो गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।