संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक विवाहिता को ससुराल पक्ष द्वारा तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके वालों से पैसे व कार की मांग कर रहे थे, मांग पूरी नहीं होने पर लंबे समय से उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। बार-बार उसके साथ मार पिटाई करते। आखिर में तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। पिनगवां पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति शाहरुख, जेठ जमालुद्दीन, सलाउद्दीन, अजरुद्दीन, ससुर इलियास, सास निजरबी, ननद रिहाना, जेठानी मुनफीदा निवासी यान अटेरना शमशाबाद के विरुद्ध तीन तलाक सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विवाहिता ने बताया कि मेरी शादी मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार शाहरुख निवासी अटेरना शमशाबाद के साथ 6 मई 2023 को हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग शादी में दिए गए दान दहेज से खुश नहीं थे। जो शादी के बाद से ही एक कार व पैसों की मांग करने लग गए। विवाहिता का आरोप है कि उसका ससुर भी उस पर गलत नजर रखता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। थाना प्रभारी सुभाष चंद का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।