मेन बाजार, मीनार गेट, जवाहर नगर कैंप मार्केट, गुप्ता गंज बाजार में जमकर हुई खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। करवाचौथ से पहले शहर के बाजारों में त्योहार की रौनक देखने लायक है। शहर के मेन बाजार, मीनार गेट, जवाहर नगर कैंप मार्केट और गुप्ता गंज बाजार में सुहागिनों और महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। करवा, पूजा थाल, चूड़ा, सींक, चूड़ियां, मेहंदी और मेकअप के सामान की खरीदारी में महिलाएं जमकर कर रही है। वहीं, पुरुष भी पत्नियों के लिए उपहार खरीदते नजर आए।
मिट्टी के रंग-बिरंगे करवे 30 से 40 रुपये में उपलब्ध हैं। वहीं पीतल के करवे की कीमत 200 से 1500 रुपये तक है। बाजार में सजी हुई छलनी, सींक, खील, खिलौने और कैलेंडर भी खूब बिक रहे हैं। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ ने त्योहार की चमक और बढ़ा दी है।
पहली बार पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखने वाली महिलाओं में उत्साह का स्तर सबसे ज्यादा देखा गया। ब्यूटी पार्लर और मेंहदी लगाने वाले पहले से ही बुक हो चुके हैं। जवाहर नगर मार्केट में सुरेश मेहंदी आर्ट के संचालक जयचंद ने बताया कि दोनों हाथों की मेहंदी की शुरुआत चार सौ रुपये से है, वहीं डिजाइन और मेहंदी के हिसाब से कीमत अलग–अलग है। कुछ ब्यूटी पार्लर वाले घर जाकर भी मेहंदी लगा रहे हैं, इसके लिए अतिरिक्त चार्ज लिया जा रहा है।
पार्लर दे रहे विशेष ऑफर और पैकेज
ग्रामीण महिलाएं भी ब्यूटी पार्लरों की ओर आकर्षित हो रही हैं। कई पार्लरों ने विशेष ऑफर और होम सर्विस पैकेज पेश कर रहे है। फेशियल और मेकअप के पैकेज 500 से 2000 रुपये तक हैं, जबकि हेयर स्टाइल के रेट 100 से 5000 रुपये तक हैं। होम सर्विस पर मेहंदी फ्री देने वाले पार्लरों ने कम से कम 2000 रुपये का पैकेज रखा है।
साड़ी और सूट-सलवार की दुकानों पर भी खरीदारियों का उत्साह देखा गया। महिलाओं में सूट-सलवार की भी खास पसंद कर रही हैं, जिनकी कीमत 2000 से 5000 रुपये तक है। इसके अलावा साड़ियों से मैच करती चूड़ियों, कांच, लाख और मेटल सेट की भी भारी डिमांड है।