पांच साल पहले डेढ़ घंटे के भीतर एक महिला सहित छह लोगों की हत्या करने वाले साइको किलर नरेश धनखड़ को अदालत ने मंगलवार को फांसी की सजा सुनाई। अतिरिक्त सत्र एवं न्यायाधीश प्रशात राणा के फैसला सुनाते ही धनखड़ कोर्ट में रोने लगा।
ओमेक्स सिटी निवासी सिंचाई विभाग के एसडीओ नरेश धनखड़ ने 1 जनवरी 2018 की रात ढाई बजे के करीब घर से निकलकर एक महिला सहित छह लोगों की रॉड से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। दोषी ने वारदात को अंजाम देने के बाद आदर्श कालोनी में जाकर अपनी पत्नी व बेटे की भी हत्या की कोशिश की। लेकिन मौके पर पुलिस ने पहुंचकर उसे दबोच लिया। इस दौरान पुलिस वाले भी जख्मी हो गए थे।
इससे पहले 18 मार्च को उसे अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने फैसला सुनाने के लिए 21 मार्च की तारीख तय की थी। कोर्ट ने दोषी को इस सजा पर उच्च न्यायालय में अपील के लिए 30 दिन का समय दिया है। नरेश धनखड़ के वकील ने उसकी दिमागी हालत ठीक न होने की बात कहकर फांसी नहीं देने की अपील की।
पत्नी व बेटे की भी हत्या करना चाहता था
साइको किलर नरेशन धनखड़ की शादी 2010 में जवां गांव निवासी सीमा से हुई थी। उसका 8 साल का एक बेटा था। उसकी पत्नी व बेटा विवाद के चलते उससे अलग अपने पिता के पास पलवल में आदर्श कालोनी में रहते थे। उसकी गिरफ्तारी के बाद सीमा ने बताया था कि धनखड़ उसकी और उसके बेटे की हत्या करना चाहता था। संवाद