पलवल। फाइनेंस कंपनी में कैश क्लैक्शन के पद पर कार्यरत युवक से 20 दिन पूर्व लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित को ही लूट की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी का कोरोना सैंपल टेस्ट के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
डीएसपी विजयपाल ने बताया कि गांव कोंडल निवासी नवीन एक फाइनेंस कंपनी में कैश कलैक्शन का काम करता है। नवीन ने बीती 22 जून को सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर कहा कि उसके पास करीब साढे छह लाख रुपये थे। इसमें 17 से 22 जून तक कलैक्ट किया गया कैश शामिल था।
उसने कहा कि ऑफिस आते समय दीघोट-सैलोटी रोड पर बगैर नंबर की स्विफ्ट कार ने उसका रास्ता रोक लिया। कार से उतरे तीन-चार नकाबपोश युवकों ने गन प्वाइंट पर रुपयों से भरा बैग लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जांच में पाया कि युवक ने खुद ही लूट की साजिश रची थी। वह ऑनलाइन सट्टे में रकम हार गया था और बैग को झाड़ियों में छिपाकर बदमाशों द्वारा लूटने की पुलिस को सूचना दी।