हथीन। फरीदाबाद साइबर अपराध विभाग में कार्यरत हथीन उपमंडल के गांव भमरौला निवासी धर्मेन्द्र सहरावत इस कोरोना काल के दौरान कोरोनो पॉजीटिव असहाय मरीजों को उनके घर तक दवा उपलब्ध कराने का नेक कार्य कर रहे हैं। उनके इस नेक कार्य में खांबी निवासी हितेश भारद्वाज भी सहयोग कर रहे हैं। पुलिस की ड्यूटी देने के साथ ही मरीजों को उनके घर तक मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करा धर्मेंद्र सहरावत शाम को घर पर पहुंचने के बाद अपने आप को बेहद संतुष्ट महसूस करते हैं।
हैडकांस्टेबल धर्मेन्द्र सहरावत ने बताया कि उन्होंने अपना एक व्हॉटसप नम्बर सोशल मीडिया पर वॉयरल किया हुआ है। जिसके माध्यम से वे असहाय कोविड पॉजीटिव मरीजों को उनके घर पर दवा एवं अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके इस कार्य में खांबी निवासी हितेश भारद्वाज भी भरपूर सहयोग कर रहे हैं। अब तक लगभग 4 दर्जन कोविड मरीजों को दवा की किट पहुंचा चुके हैं। उन्होंने बताया कि वे सिर्फ वही दवा उपलब्ध कराते हैं जो डाक्टर द्वारा मरीजों को लिखी गई है। इसके अलावा इम्यूनिटी बढाने वाले खाद्यय पदार्थ भी मरीजों को उनके घर द्वार तक पहुंचाते हैं। ऐसा कर उनके मन को शांति मिलती है।