पलवल। आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन की हड़ताल 24वें दिन भी जारी रही। कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय के पार्क में इकट्ठी हुई और धरना प्रदर्शन दिया। धरने की अध्यक्षता उर्मिला रावत व रामरति दलाल ने की, जबकि संचालन जिला सचिव कृष्णा देवी ने किया। धरने में सीटू के जिला प्रधान श्रीपाल सिंह भाटी व सचिव बैनीवाल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
सीटू नेता श्रीपाल भाटी ने कहा कि पांच जनवरी को करनाल में आयोजित होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रैली अभूतपूर्व होगी। चार जनवरी तक कार्यकर्ता हड़ताल को जारी रख आंदोलन को मजबूर करने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, हरियाणा रोडवेज सहित अन्य विभागों का निजीकरण किया है। केंद्र सरकार ने रेलवे, हवाई जहाज व पेट्रोलियम, बैंक व बीमा को निजी हांथों में सौंप दिया है। आंगनबाड़ी को सरकार निजी हाथों में देना चाहती है, जिसके खिलाफ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघर्ष कर रही हैं।
जिला प्रधान उर्मिला रावत ने कहा कि 29 दिसंबर को यूनियन की तालमेल कमेटी की मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत में कोई हल नहीं निकला। मुख्यमंत्री आधी मांगों को पूरा कर आंदोलन को समाप्त करना चाहते हैं, जो कार्यकर्ताओं को मंजूर नहीं है। केंद्र सरकार ने कार्यकर्ता के 1500 रुपये व सहायक के 750रुपये बढ़ाने की घोषणा की थी उसे नही माना है। धरने को कमला देवी, राजवती, ओमवती, बिमलेश, पसंदी, पुष्पा, सीमा, शशि, अनीता, सुषमा, सरोज व ऊषा ने संबोधित किया।