जाट आरक्षण की चिंगारी पलवल में भी पहुंच चुकी है। बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय जाट आरक्षण समिति की जिला इकाई ने आरक्षण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। वहीं युवा जाट समाज के नेता बृजेश चौहान अटोहां ने कहा है कि शुक्रवार को एसडी कॉलेज से लेकर महर्षि दयानंद चौक (आगरा चौक) तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
विश्रामगृह के बाहर जिलाध्यक्ष धर्मवीर तेवतिया के नेतृत्व में धरने पर बैठे जाट नेताओं ने पहले यह धरना 25 फरवरी से करने का एलान किया था, परंतु यह एक सप्ताह पहले ही बृहस्पतिवार को शुरू कर दिया गया। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए तेवतिया ने कहा कि वह जाट आरक्षण लेकर रहेंगे।
सरकार जाटों को गुमराह कर रही है। एक सोची समझी साजिश के तहत जाटों को आरक्षण से बाहर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका धरना शांतिपूर्ण है तथा सुबह से ही लोग धरना को समर्थन देने आ रहे हैं। उनका आंदोलन लगातार जोर पकड़ेगा क्योंकि इसमें युवा भी भारी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
धरने में युवा नेता भगत सिंह घुघेरा, जवाहर सिंह डागर, नागेश तेवतिया, प्रवीण डूडी, बच्चू सिंह तेवतिया, मेहर चंद देशवाल, हृदय राम तेवतिया, वेगराज सरपंच, जोगेंद्र डागर, मनमोहन सिंह, विजय राठी, विजय दीघोट, गजराज, जोगेंद्र, दीपक चौहान व दीपक चौधरी भी शामिल हुए।