फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: जाम, जलभराव और अव्यवस्था ने कई भाइयों तक नहीं पहुंचने दी राखी

Sat, 09 Aug 2025 11:23 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल
विज्ञापन
विज्ञापन
- रक्षाबंधन पर करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम, वाहनों के इंतजार में बच्चों ने बारिश में ठिठुरते हुए बिताए कई घंटे
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी

पलवल। रक्षाबंधन पर प्रशासन की अव्यवस्था और ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही ने कई भाई-बहनों को मिलने से रोक दिया। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश ने दिल्ली–मथुरा नेशनल हाईवे को जलमग्न कर दिया। हालांकि प्रशासन ने शहर में जलभराव की निकासी के बड़े दावे किए थे जो खोखले साबित हुए। वहीं, शनिवार को सुबह से लेकर देर शाम तक जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसका नतीजा यह हुआ कि दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ से पलवल और आगरा जाने वाली कई बहनें अपने भाइयों तक नहीं पहुंच पाईं। वहीं आगरा, दिल्ली व फरीदाबाद से आने वाली बहनों को भी राखी बांधने का मौका नहीं मिल पाया।

प्रशासन के बड़े दावों के बावजूद कैलगांव से लेकर सीकरी, पृथला से बघौला और पलवल बस स्टैंड तक करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। कई जगह लोग उल्टी दिशा में वाहन दौड़ाते दिखे, उन्हें रोकने के लिए न तो ट्रैफिक पुलिस नजर आई, न ही कोई अधिकारी। नतीजा ये हुआ कि दूसरी तरफ की सड़क भी ब्लॉक हो गई। बसों की कमी के चलते लोग निजी बसों से सफर करने को मजबूर दिखे, इस दौरान छतों पर बैठकर लोग घंटों भीगते रहे। जाम से बचने के लिए कई वाहन चालक कैलगांव फ्लाईओवर से ही लौट गए। कई स्थानों पर महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ बारिश में भीगती हुई वाहनों का इंतजार करती दिखीं। इस दौरान बच्चे ठंड से ठिठुरते दिखे।
विज्ञापन


जर्जर सड़कें बनी मुसीबत
लगातार बारिश के कारण हाईवे पर जगह-जगह जलभराव हो गया। जर्जर सड़कों और गहरे गड्ढों की वजह से गाड़ियाें की रफ्तार बेहद धीमी रही। इसकी वजह से वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। बघौला अंडरपास का अधूरा निर्माण भी जाम का बड़ा कारण बना, जहां पानी भरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बारिश रुकने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोग घरों से निकले, जिससे ट्रैफिक दबाव और बढ़ गया।

मुफ्त बस सेवा भी रही नाकाम
हरियाणा रोडवेज की ओर से रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना का लाभ लेने के लिए सुबह से ही सैकड़ों महिलाएं बस स्टैंड पहुंचीं लेकिन जाम और बसों की कमी ने उन्हें निराश कर दिया। बडौली गांव की संतोष ने बताया कि वह दो छोटे बच्चों के साथ सोहना जाकर भाई को राखी बांधना चाहती थीं, लेकिन एक घंटे तक बस न मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। मोहना गांव की कश्मीरी, अमरपुर की रोशनी और जगवती ने भी बताया कि डेढ़ घंटे इंतजार के बाद भी बस न मिलने से उन्हें राखी बांधने का अवसर नहीं मिल पाया।

निजी चालकों ने वसूला मनमाना किराया
बसों की कमी का फायदा उठाकर ऑटो और प्राइवेट बस चालकों ने यात्रियों से दोगुना तक किराया वसूला। कई लोगों ने मजबूरी में यह अतिरिक्त किराया चुकाया, क्योंकि जाम में फंसे रहने से अच्छा उन्हें किसी भी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचना लगा।

भीड़ में कहीं-कहीं दिखे पुलिसकर्मी
जाम को नियंत्रित करने के लिए 150 पुलिसकर्मी और 15 कमांडो तैनात करने के दावे किए गए थे, लेकिन लंबा जाम होने के कारण यातायात सुचारू नहीं हो पाया। हसनपुर चौक, रेलवे चौक, बस स्टैंड चौक, किठवाड़ी चौक, भवन कुंड, अलीगढ़ रोड और अलावलपुर गांव के पास वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई चौराहों पर मात्र एक पुलिसकर्मी ही खड़ा नजर आया।

00
बारिश रुकने के बाद यात्री घर से अचानक बाहर निकले, जिसके कारण जाम लग गया। सड़कों पर जलभराव है, इस कारण भी गाड़ियां भी धीरे–धीरे चल रही हैं। 150 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। 15 कमांडो को भी तैनात किया गया है।
विज्ञापन

– जगवीर सिंह, ट्रैफिक इंचार्ज

जाम के कारण बसें समय पर नहीं चल पा रही है। सुबह से ही जाम लगा हुआ है। जाम के कारण बसों की फ्रिक्वेंसी कम हो गई है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। – परमानंद, स्टैंड इंचार्ज, पलवल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें