पलवल। शहर में सफाई व्यवस्था की बदतर हालत से नाराज स्वयंसेवी संस्थाओं ने अब प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के अंदर शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो लोग धरना देंगे। इतना ही नहीं लोगों ने नमो एप, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के ट्विटर पर भी ट्वीट करना शुरू कर दिया है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए अब लोग एकजुट होने लगे हैं। सोशल मीडिया व व्हाट्सऐप ग्रुप पर भी लोगों ने मेसेज डालकर सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर एकजुुट करना शुरू कर दिया है।
शहर में सफाई की व्यवस्था काफी खराब है जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। नालियां व नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। बार-बार लोग शिकायत कर रहे हैं लेकिन नगर परिषद की तरफ से कोई समाधान नहीं हो रहा है। इस मुद्दे पर कई बार समाजसेवी संस्थाएं भी अधिकारियों से मिल चुकी हैं। इसके अलावा 25 जून को उपायुक्त ने भी शहर की समाजसेवी संस्थाओं, पार्षदों व नप अधिकारियों के साथ बैठक की थी तथा 1 जुलाई से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के आदेश दिए थे। उसके बाद भी दो बार उपायुक्त अधिकारियों को सफाई कराने के आदेश दे चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है।
बार-बार अधिकारियों से मिलने पर भी कोई इंतजाम न होने पर अब लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से एकदूसरे को एकजुट होने और धरना देने के लिए लोगों की राय लेनी शुरू कर दी है तथा अधिकारियों को चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के अंदर सफाई दुरुस्त न होने पर धरना दिया जाएगा।
कांग्रेस विधायक करण दलाल ने भी अधिकारियों को चेतावनी दी है कि शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे गंदगी को उठवाकर अधिकारियों के घरों के बाहर डलवाना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि अब शहर के लोगों को गंदगी में नहीं रहने दिया जाएगा।
शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर मैं पूरी तरह से गंभीर हूं। जल्द अभियान शुरू किया जाएगा तथा शहर को स्वच्छ बनाया जाएगा। लोगों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए तथा कूड़ा कूडे़दान में ही डालना चाहिए। - इंदू भारद्वाज, नगर परिषद अध्यक्ष