प्रदेश और केंद्र सरकार गरीब और किसानों की विरोधी है। इनसे गरीब के हित की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती बल्कि ये तो पूंजीपतियों की सरकारें हैं। ये कहना है पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुडा का। हुड्डा शनिवार को होडल में दलित वर्ग कल्याण समिति के तत्वाधान में आयोजित बाबा साहब डॉ. अंबेडकर जयंती समारोह के तहत सामाजिक समरसता रैली को संबोधित कर रहे थे।
पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में गरीबों के लिए कई योजनाएं लागू कीं थीं, लेकिन भाजपा सरकार उन योजनाओं को बंद करने पर तुली है। किसानों को अपनी फसल के उचित दाम नहीं मिल पाए। किसान कंगाली के कगार पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश का किसान दुखी है उस प्रदेश का विकास नहीं हो सकता।
हुड्डा ने कहा कि जिस पार्टी की नीयत, नीति व नेता में खोट है वह पार्टी ज्यादा देर अपने पैरों पर नहीं खड़ी हो सकती। इसी प्रकार भाजपा की भी ना तो अपनी कोई नीति है ना ही कोई कार्यक्रम। उन्होेंने आरोप लगाया कि भाजपाई कांग्रेस सरकार के दौरान किए गए कार्यों पर अपने नाम के पत्थर लगाकर श्रेय लेने में लगे हैं।
रैली में मौजूद कांग्रेसी विधायकों व नेताओं ने हुड्डा से कैबिनेट रैंक की सुविधाएं वापस लेने पर रोष जताया व प्रदेश सरकार पर कटाक्ष किए। रैली को विधायक उदयभान, पलवल के विधायक करण दलाल, पूर्व मंत्री आफताब अहमद व शिव चरण लाल शर्मा, पूर्व विधायक जलेब खां व अर्जुन सिंह ने भी संबोधित किया।