ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों ने बुधवार को हरियाणा रोडवेज की बस के टायर में सुआं मारकर अलावलपुर चौक पर पंचर कर दिया। उन्होंने बस के चालक व परिचालक के साथ बदसलूकी भी की। इससे गुस्साए बस चालक-परिचालक बस को सड़क पर छोड़कर चले गए। इससे हाईवे पर जाम लग गया।
लगभग एक घंटे तक बस रास्ते में ही खड़ी रही। इससे बस में सवार यात्रियों का भरी दोपहरी में गर्मी से बुरा हाल रहा। हाइवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बाद में बस स्टैंड की वर्कशॉप से मिस्त्री भेजकर बस का टायर बदलवाया गया। घटना से रोडवेज कर्मचारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ है।
बुधवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस दिल्ली से मथुरा जा रही थी। बस स्टैंड के डिपो इंचार्ज पलटूराम के अनुसार बस पर राजवीर सौरोत चालक व वीरेंद्र रावत बतौर परिचालक थे। जब बस पलवल के अलावलपुर चौक पर पहुंची तो जाम लगा मिला। अलावलपुर चौक पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, बस भी उसी के बीच में फंस गई।
इसी दौरान चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों ने बस के अगले टायर में सुआं (सुम्मी) मारकर पंचर कर दिया और चालक व परिचालक के साथ बदसलूकी की। घटना की सूचना पलवल बस स्टैंड के अधिकारियों को दी गई, जहां वर्कशॉप से मिस्त्री भेजकर बस के टायर को बदलकर बस को अगले गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
इस मामले में एसपी राजेश दुग्गल का कहना है कि उन्हें फिलहाल मामले की जानकारी नही मिली है। ऐसा कोई मामला हुआ तो उसकी जानकारी ली जाएगी। यदि कोई दोषी हुआ तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।