धन सिंह सैनिक कॉलोनी के वार्ड नंबर दो के लोग बदहाल सड़क, जलभराव और गंदगी से परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। धन सिंह सैनिक कॉलोनी के वार्ड नंबर दो में बदहाल सड़क, जलभराव और गंदगी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। करीब एक साल से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे वार्डवासियों का सब्र रविवार को जवाब दे गया। प्रशासन से बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर लोगों ने खुद ही सफाई की कमान संभाल ली। हाथों में सफाई के औजार लेकर लोगों ने गली में जमा गंदगी हटाई और नालियों व चैम्बरों की सफाई की। वार्डवासियों के अनुसार, करीब एक साल पहले पानी और सीवर लाइन डालने के लिए गली को खोदा गया था। लाइन बिछाने के बाद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं होने से पूरी गली बदहाल हो गई। जगह-जगह गड्ढे होने के साथ नालियां और चैम्बर भी गंदगी से जाम पड़े हैं। सफाई नहीं होने के कारण नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में जमा रहता है और कई बार घरों के आसपास से होते हुए अंदर तक पहुंच जाता है।
लोगों का कहना है कि गंदगी और जलभराव के बीच बच्चों और बुजुर्गों को घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। मच्छरों की भरमार के कारण बीमारी फैलने का डर भी बना हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दौरान होती है, जब गली में जमा पानी लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है।
वार्डवासियों ने बताया कि सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर वार्ड पार्षद, नगर पालिका अध्यक्ष और एसडीएम तक शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद जब समस्या जस की तस बनी रही तो लोगों को मजबूरी में खुद सफाई करनी पड़ी।
टेंडर हो चुका, जल्द बनेगी सड़क
नगर पालिका अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि सड़क के पुनर्निर्माण का टेंडर हो चुका है और वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में कमी है तो संबंधित स्थान पर सफाई कर्मचारियों को भेजकर सफाई कराई जाएगी। वार्डवासियों ने मांग की कि सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराने के साथ नालियों और चैम्बरों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि एक साल से चली आ रही परेशानी से लोगों को स्थायी राहत मिल सके।