नोटिस की समय अवधि पूरी होने के बाद नौकरी से किया जाएगा बर्खास्त : डीसी
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। हसनपुर बीडीपीओ कार्यालय में हुए 50 करोड़ से अधिक के घोटाले में फरार हुए आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। कैग की जांच शुरू होते ही आरोपी लिपिक राकेश के साथ कार्यालय में तैनात दो कंप्यूटर ऑपरेटर फरार हो गए थे। राकेश को एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दोनों कंप्यूटर ऑपरेटर अभी भी फरार है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी नोटिस समय अवधि पूरी होने से पहले हाजिर नहीं होते है ताे दोनों को नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इससे पहले भी डीडीपीओ कार्यालय में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर को बर्खास्त और अन्य आरोपियों को सस्पेंड किया था।
हसनपुर के बीडीपीओ कार्यालय में घोटाले की जांच डीडीपीओ उपमा अरोड़ा के पत्र के बाद कैग की जांच शुरू हुई। इसके बाद कार्यालय में तैनात क्लर्क राकेश व कंप्यूटर ऑपरेटर गौतम निवासी गांव डराना और कंप्यूटर ऑपरेटर विवेक सहित फरार हो गया था। कैग की रिपोर्ट के बाद फरीदाबाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने क्लर्क राकेश वह उसके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर राकेश को दबोच लिया, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर विवेक व गौतम अभी फरार है।
डीडीपीओ उपमा अरोड़ा ने बीडीपीओ प्रवीण कुमार को बगैर सूचना दिए कार्यालय से फरार दोनों कंप्यूटर ऑपरेटर को नोटिस देने के आदेश जारी किए। आदेश जारी होने के बाद विभाग ने दोनों ऑपरेटर के परिजनों को नोटिस थमा दिया है। अगर आरोपी नोटिस मिलने के बाद भी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होते है तो नोटिस अवधि पूरी होने के बाद विभाग दोनों फरार आरोपियों को नौकरी से बाहर कर देगा। वहीं , डीडीपीओ ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में विभाग पूरी तरह से सतर्क है। यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला सामने आता हैं तो कांटेक्ट पर लगे कर्मचारियों को नौकरी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। वहीं, एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम फरार दोनों ऑपरेटरों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापा मार रही है।
-
हाल ही में चार कर्मचारी के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई
डीडीपीओ कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर कार्यरत तेजेंद्र सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया हैं। वहीं, गबन में शामिल आरोपी सहायक खजाना अधिकारी बिजेंद्र सिंह व क्लर्क राकेश कुमार सहित चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी सतपाल को सस्पेंड कर दिया गया हैं। फरार दो कंप्यूटर ऑपरेटर गौतम व विवेक कुमार के मामले में नोटिस जारी किए गए हैं समय अवधि पूरी होने के बाद इन्हें भी बर्खास्त कर दिया जाएगा। डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, जिला उपायुक्त