संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे पौत्र की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक अपने पिता के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अलीगढ़ मोड पर स्कूटी सवार पिता-पुत्र को कैंटर ने टक्कर मार दी, जिसमें बेटे की मौत हो गई, जबकि उसका पिता घायल हो गया। कैंप थाना पुलिस ने घायल पिता की शिकायत पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
किठवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी अजीत नागर के अनुसार यूपी के जिला गौतमबुद्ध नगर स्थित जहांगीरपुर निवासी रवि मति ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्य करता है। उसका 16 वर्षीय बेटा डैनियल भी उसके साथ रहता था। बृहस्पतिवार को उन्हें सूचना मिली कि उसके पिता राजू मति का निधन हो गया है। पिता की मौत की सूचना पाकर वह तुरंत अपने बेटे डैनियल के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव के लिए निकल पड़ा। पलवल शहर स्थित अलीगढ़ मोड पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में उन्हें जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके बेटे डैनियल को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को कैंटर सहित काबू कर लिया है। चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।