हथीन। जिले में शुक्रवार को इंटरनेट सेवा बंद होने का असर स्कूल संचालकों के लिए परेशानी का कारण बना रहा। एक फरवरी से कक्षा छह से आठ तक के बच्चों की कक्षाएं शुरू करने के लिए गूगल फॉर्म भरकर उन्हें स्कूलों की जानकारी विभाग का भेजनी है। शुक्रवार को अंतिम दिन होने के बावजूद इंटरनेट बंद रहने के कारण काफी संचालक फॉर्म नहीं भर सके।
कक्षा 9वीं से 12वीं के बाद अब हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने कक्षा 6 से 8वीं तक के बच्चों की कक्षाएं शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। हरियाणा शिक्षा बोर्ड से संबंधित सरकारी और निजी स्कूलों में कुल बच्चों की संख्या 26, 897 हैं। स्कूल संचालकों को कोविड-19 को लेकर जारी की गई गाइडलाइन का पालन करना, कक्षाएं शुरू करने से पहले और बाद में कमरों को सैनिटाइज करवाना होगा। अभिभावकों की सहमति और डॉक्टर द्वारा जारी प्रमाण पत्र आवश्यक है। अगर किसी विद्यार्थी में कोविड-19 संक्रमण के लक्षण पाए जाते हैं तो उसे 10 दिन तक घर पर क्वारंटीन रहना होगा। इस संबंध में स्कूलों को गूगल फॉर्म के माध्यम से पूरी जानकारी भेजनी है।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने बताया कि प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक नितिन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं एक फरवरी से शुरू करने के आदेश दिए हैं। बिना मास्क के बच्चों को स्कूल में एंट्री नहीं दी जाएगी। बैंच पर एक सीट छोड़कर बच्चों को बिठाया जाएगा। स्कूल के गेट पर स्टैंडी सैनिटाइजर रहेगा।
15 फरवरी से कक्षा 5 तक की कक्षाएं हो सकती हैं शुरू
शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा कक्षा 6 से 8वीं तक की कक्षाएं बतौर ट्रायल शुरू की जा रही हैं। अगर सब कुछ सही रहा तो 15 फरवरी से कक्षा एक से पांचवीं तक की कक्षाएं भी शुरू की जा सकती हैं।
सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित
होडल। किसान आंदोलन को लेकर इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण लोगों को तो परेशानी आ ही रही है, वहीं सरकारी कार्यालयों में कामकाज बुरी तरह से प्रभावित रहा। तहसील व अन्य कार्यालयों में शुक्रवार को कोई काम नहीं हो सका। संवाद