पलवल। राष्ट्रीय खिलाड़ी और बॉक्सिंग महिला कोच के साथ कार सवार युवकों द्वारा अभद्र व्यवहार, अश्लील इशारे करने, मारपीट व सोने की चैन लूटने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए।
भवनकुंड चौकी इंचार्ज एसआई विनोद कुमार ने बताया कि हुडा सैक्टर-2 निवासी महिला बॉक्सिंग कोच प्रियंका तेवतिया ने शिकायत दी है कि बाबा फॉर्म हाउस के पास उसकी देवा बॉक्सिंग अकादमी है। 10 नवंबर की रात सवा आठ बजे वह अपनी चचेरी बहन के साथ कार से घर की तरफ जा रही थी। हरे कृष्णा ढाबे के समीप सामने से एक होंडा सिटी कार आकर रुकी जिसमें दो युवक सवार थे। दोनों युवक पीड़िता की तरफ अश्लील इशारे करने लगे। पीड़िता ने दोनों युवकों को नजर अंदाज कर दिया। आरोपी कार से उतरकर उनकी कार की जबरन खिड़की खोलने लगे। जब खिड़की नहीं खुली तो एक युवक ने बियर की बोतल से कार के सामने वाले शीशे पर हमला कर दिया। दूसरे युवक ने ईंट से हमला कर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया। दोनों युवकों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौच कर मारपीट की और गले से सोने की चेन को लूट ली। एक तीसरा युवक पहुंचा और उसने अपना नाम पंकज ठाकुर बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।