20पीएएलपी2- जिला नागरिक अस्पताल में मौजूद मृतकों के परिजन। - संवाद
20पीएएलपी3- अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई करती हुई पुलिस। - संवाद
20पीएएलपी4- मृतक पवन कुमार का फाइल फोटो।
-
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसों में चार युवकों की मौत
- वृंदावन परिक्रमा लौट रहे दो दोस्तों की कार की टक्कर से मौत
- हाईवा ने बाइक सवार युवक को कुचला, बस स्टैंड चौक पर मिला शव, पहचान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे दो बाइकों सवार दोस्तों की कार की टक्कर से मौत हो गई। दोनों युवक यूपी के गाजियाबाद के रहने वाले थे। इसके अलावा लघु सचिवालय के सामने हाईवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में गांव अटोहां निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस स्टैंड चौक पर एक युवक का शव मिला, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। संबंधित थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। अभी तक पुलिस आरोपी वाहन चालकों को सुराग नहीं लगा पाई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। गदपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर सिंह के अनुसार यूपी के गाजियाबाद लोनी स्थित राहुल गार्डन निवासी नारद ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने दोस्तों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर मथुरा-वृंदावन परिक्रमा लगाने गया था। मंगलवार तड़के वापस लौटते समय एक बाइक पर वह तथा दूसरी बाईक पर उसके पड़ोसी दोस्त सोनू कश्यप व संजीत सिंह सवार थे। जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव बघौला के समीप स्थित श्रीसत्य साईं अस्पताल के सामने पहुंचे तो पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने सोनू व संजीत की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लघु सचिवालय के समीप हाईवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण के अनुसार गांव अटोहां निवासी तरुण कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे तीन भाई हैं। उसका मंझला भाई पवन कुमार मंगलवार को बाइक से किसी काम से पलवल जा रहा था। वह गाड़ी में पवन की बाइक के पीछे चल रहा था। गांव कुसलीपुर स्थित लघु सचिवालय के सामने पीछे से आए हाईवा ने पवन की बाइक में टक्कर मार दी। घायल पवन को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार पवन किसी निजी कंपनी में कार्य करता था। उसका एक बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, शहर थाना पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस स्टैंड चौक के समीप एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मृतक की उम्र करीब 28 साल है। लगता है किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम व पहचान के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है।