संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को पलवल जिले के खादर क्षेत्र के गांव थंथरी में करीब 28 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
खेल राज्य मंत्री ने गांव थंथरी में स्वागत द्वार, विभिन्न संपर्क मार्गों का निर्माण, स्कूल में इन्वर्टर एवं बैटरी, सीसीटीवी कैमरे, सबमर्सिबल हैंडपंप, नॉलेज सेंटर, खेल सामग्री, 150 स्ट्रीट लाइट, जनरल एवं हरिजन चौपाल, मोक्षधाम गेट, कुओं का सौंदर्यीकरण, जलापूर्ति व्यवस्था, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्यूबवेल एवं बूस्टर, नालियों एवं रैंप निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इसी प्रकार गांव की फिरनी, विभिन्न संपर्क मार्गों, खेल नर्सरी, ई-लाइब्रेरी, जलापूर्ति व्यवस्था, जोहड़ विकास तथा श्मशान घाट तक रास्तों सहित अनेक विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। खादर क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए विशेष योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।