संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे स्थित हसनपुर चौक के निकट छप्पन भोग मिष्ठान भंडार में अचानक देर रात आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही काफी लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई, लेकिन घंटों तक लगी आग से दुकान में रखा सब कुछ जलकर राख हो गया। दुकान में आग लगने का कारण बिजली शार्ट सर्किट बताया गया है।
बताया गया कि दुकान के ऊपर ही एक कर्मचारी भी सोए हुए थे और गैस के दर्जनों सिलिंडर भी रखे हुए थे। गनीमत यह रही कि समय रहते कर्मचारियों ने अपनी जान बचाई और गैस के सिलिंडरों को बाहर फेंक दिया। आग लगने से जनहानि होने से बच गई। दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात छप्पन भोग हलवाई की दुकान बंद कर मालिक अपने घर चले गए और दुकान के कर्मचारी छत पर बने हाल में सो गए। रात के लगभग साढ़े बारह बजे किसी कर्मचारी ने दुकान से धुआं निकलते देखा। जिस पर मामले की सूचना दुकान मालिक को दे दी। आग लगने की जानकारी मिलते ही छत पर सो रहे कर्मचारियों में भी भगदड़ मच गई।
उन्होंने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई और छत से उतरकर दुकान में रखे गैस के सिलेंडरों को बाहर फेंका। घटना की सूचना मिलने के बाद जब तक दुकान मालिक और अन्य लोग मौके पर पहुंचते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते दुकान में रखा फर्नीचर धू-धू कर जलने लगा। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना दमकल विभाग और बिजली विभाग को दी। बताया गया कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने रात के समय फोन रिसीव नहीं किया। कई बार फोन करने के बाद उन्हें सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों को भी कड़ी मशक्कत का सामना करना पडा। एक और बिजली की लाइन में आग की लपटें उठ रहीं थीं तो दूसरी और दुकान में आग लग रही थी। आग की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। आग लगने से दुकानदार का लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
दुकान मालिक हरीशचन्द गर्ग का कहना था कि आग लगने के बाद जब बिजली विभाग में फोन किया तो काफी देर तक फोन रिसीव नहीं हुआ। यही हाल दमकल विभाग का रहा। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के काफी देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची।