संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। काफी समय से जर्जर पड़ी पहाड़ी-बहीन रोड की सड़क का आखिरकार निर्माण होने का समय आ गया है। इस सड़क निर्माण को मंजूरी देते हुए सरकार ने 77 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। इस सड़क के निर्माण के बाद करीब 10 बड़े गांवों के एक लाख से अधिक लोगों को लाभ होगा। सड़क निर्माण कार्य के लिए लोकनिर्माण विभाग ने टेंडर भी लगा दिया है तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। सड़क निर्माण को मंजूरी मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी प्रकट की है। ग्रामीणों का कहना है कि देर आए दुरुस्त आए। चुनाव से पहले ही सही कम से कम लोगों को राहत तो मिलेगी।
बता दें कि पहाड़ी-रोड लंबे अरसे से जर्जर अवस्था में थी, सड़क पर गड्ढे हो गए थे। इस कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस रोड से आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के हजारों वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। हथीन से होडल-मथुरा जाने एवं हथीन से वाया उटावड नूंह जाने के लिए इस मार्ग को उपयोग में लाया जाता है। रोड जर्जर होने के कारण वाहन चालकों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। पहाड़ी से होडल एवं नूंह-होडल रोड पर जाने के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था।
लोगों की इस समस्या को कई बार अमर उजाला में प्रमुखता से उठाया गया। अमर उजाला का भी लोगों ने इस समस्या का समाधान कराने के लिए धन्यवाद किया है। इस सड़क मार्ग के निर्माण होने से गांव पहाड़ी, बहीन, कौंडल, बहीन, मानपुर, मोहदमका, अंधरोला, गुराक्सर, खिल्लुका, कोट, मिठाका, गहलब, सेवली, पचानका, बजादा पहाड़ी, कलसाडा, भमरोला, टीकरी ब्राह्मण, भंगुरी, रजपुरा, हथीन आदि गांवों को सीधा लाभ होगा।
रोड के निर्माण के लिए 77 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। शीघ्र ही एजेंसी निर्माण कार्य शुरू करेगी।
- आरिफ खान, जूनियर इंजीनियर, लोक निर्माण विभाग