पलवल। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में मध्य प्रदेश व बुंदेलखंड से आए किसान शनिवार को भी दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर स्थित केएमपी-केजीपी मोड़ पर बैठे रहे। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा और वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया हुआ था।
एक ओर जहां किसान हर हाल में दिल्ली जाने पर अड़े हुए हैं, वहीं पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए डंपरों में मिट्टी भरकर खड़ा कर रखा है। बड़े पत्थर, बड़े वाहनों के अलावा पानी भरी गाड़ियां मौके पर खड़ी कर रखी हैं। इतना ही नहीं पुलिस ने राजमार्ग पर धरना लगाए बैठे किसानों के चारों तरफ से घेरकर बैरिकेड लगा दिए हैं, ताकि किसान आसानी से न निकल पाएं। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत लगातार इन किसानों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
किसानों का नेतृत्व कर रहे बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने कहा कि यदि हमारी मांगे पूरी नहीं होती हैं, तो सभी संगठनों का शीर्ष नेतृत्व जैसा मार्गदर्शन देगा उसी के आधार पर हमारा आंदोलन और तेज होगा। इस मौके पर मुख्य रूप से बुंदेलखंड किसान यूनियन राष्ट्रीय संगठन मंत्री गणेश प्रसाद शर्मा, राष्ट्रीय सचिव अखिलेश रावत, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रवण कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता चतुर्भुज पटेल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राकेश साहू, राष्ट्रीय कार्यालय प्रमुख राजा मनीष तिवारी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री युवा मोर्चा दिनेश कुमार निरंजन, बुंदेलखंड प्रभारी बालाजी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष तारा देवी महोबा आदि मौजूद रहे।
इनसो ने दिया किसानों को समर्थन
पलवल में केजीपी-केएमपी रोड के कट के पास बैठे मध्य प्रदेश व बुंदेलखंड के किसानों को समर्थन देने के लिए शनिवार को जजपा छात्र संगठन इनसो के कार्यकर्ता पहुंचे। जिलाध्यक्ष विशाल तेवतिया ने कहा कि वे किसानों के साथ हैं, क्योंकि वे भी किसान के बच्चे हैं। ऐसे में किसानों को किसी तरह की दिक्कत आने से उन्हें परेशानी होगी।
होडल पुलिस ने जाम को देखते हुए हटाए बैरिकेड
कोसीकलां यूपी में भारी वाहनों के जाम को देखते हुए पुलिस ने करमन सीमा पर से बैरिकेड हटा कर वाहनों को निकालना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा दो दिन पहले ही करमन सीमा पर यूपी कर तरफ से दिल्ली जाने वाले किसानों को रोकने के लिए इसे लगाया गया था। जिसके कारण दो दिनों से लगातार जाम की समस्या बन रही थी। शनिवार को भी कोसी कलां तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया जबकि होडल में बाइपास तक जाम की स्थिति बनी रही। यह देखते हुए उत्तर प्रदेश व होडल पुलिस के अधिकारियों ने आपसी बातचीत के बाद इसे हटा दिए। डीएसपी दिनेश कुमार व थाना प्रभारी सुरेंद्र राठी पुलिस बल के साथ करमन बॉर्डर से लेकर मुंडकटी थाना क्षेत्र तक लगातार गश्त करते रहे।