संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। संयुक्त किसान मोर्चा पलवल एवं अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक बृहस्पतिवार को स्थानीय जाट धर्मशाल में संपन्न हुई। बैठक में 15 से 25 जनवरी तक चलने वाले जनजागरण अभियान तथा शुक्रवार को यूरिया खाद के बैग में वजन कटौती के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन की तैयारी को लेकर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान धर्मचंद घुघेरा ने की, जबकि संचालन वित्त सचिव डॉ.रघुवीर सिंह ने किया। इस दौरान मास्टर महेंद्र सिंह चौहान मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में किसान सभा के जिला प्रधान धर्मचंद व सदस्य भागीरथ बेनीवाल ने कहा कि ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दो वर्ष से अधिक बीत जाने के बावजूद केंद्र सरकार ने एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों की कर्ज मुक्ति, बिजली संशोधन विधेयक की वापसी को आज तक लागू नहीं किया। इसके विपरीत केंद्र सरकार ने यूरिया खाद में वजन कटौती, कृषि में काम आने वाली कीटनाशक दवाइयां, खाद, बीज, कृषि के उपकरण और डीजल की दरों में बढ़ोतरी करके किसान मजदूर की कमर तोड़ने का काम किया है, जिसके लिए किसानों को देश के मजदूर और अन्य तबकों के साथ मिलकर निर्णायक आंदोलन चलाना पड़ेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 से 25 जनवरी तक जन-जन जागरण अभियान चलाया जाएगा तथा 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। 27 जनवरी से पूरे जिले के अंदर सदस्यता और ग्रामीण इकाइयों के गठन का अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में किसान नेता सोहनपाल चौहान, बीधू सिंह, ताराचंद, रूपराम तेवतिया, भागीरथ बैनीवाल, किशनचंद शर्मा, नंदकिशोर शर्मा, समयराम कुंडू, ठाकुर लाल, करण सिंह आर्य, चतर सिंह, रमेश मीसा, नेमचंद शर्मा, करतार सिंह मढनाका ने अपने विचार रखे।