नूंह। उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में संविधान दिवस के अवसर पर सामूहिक प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त अखिल पिलानी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान, उसकी प्रस्तावना तथा उसमें निहित मूल आदर्शों और मूल्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करते हुए उसकी अनुपालना करनी चाहिए। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त करता है।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, सीटीएम प्रीतम सिंह, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र बजाड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।