तावड़ू। ग्राम पंचायत बिस्सर अकबरपुर में जल निकासी नहीं होने से ग्रामीण, राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान हैं। गांव का गंदा पानी निजी भूमि और स्कूल परिसर के सामने एकत्रित हो रहा है। बिस्सर अकबरपुर से हसनपुर लिंक सड़क मार्ग के साथ लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए नाले का पानी एक स्कूल और निजी भूमि में जाने का मामला सामने आया है। इससे जहां स्कूल भवन के नजदीक पानी एकत्रित होने से स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है, वहीं निजी भूमि में पानी भरने से किसान को फसल नहीं होने से परेशानी हो रही है।
प्रभावित किसान और स्कूल संचालक का कहना है कि यह समस्या करीब 3 साल से बनी हुई है। शुरुआत में इस संदर्भ में पंचायत विभाग को शिकायत की गई थी, लेकिन पंचायत विभाग ने भी गंभीरता नहीं दिखाई। पंचायत ने शिकायत के माध्यम से एसडीएम से मांग की थी कि करीब 1500 मीटर और आगे तक नाले का निर्माण कर इसे वहां पंचायत की जमीन तक पहुंचाया जाए, जहां गंदे पानी को छोड़ा जा सकता है।
वहीं लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधू का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में पहले भी आया था। नाले का निर्माण किया गया था। यदि पंचायत प्रस्ताव पास करके दे कि आगे उनकी पंचायत की भूमि है तो इस पर विचार किया जा सकता है।