फोटो: अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शहर में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य बाजार क्षेत्रों को कब्जों से मुक्त कराया। जिला उपायुक्त के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने आंबेडकर चौक और गुरुग्राम अलवर मुख्य मार्ग के आसपास के इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई की निगरानी एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में की।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि सर्विस लाइन पर लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं, खासकर समाधान शिविरों में इस मुद्दे को बार-बार उठाया गया। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने चेतावनी के बाद भी अवैध कब्जे नहीं हटाए। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान अंबेडकर चौक, बस स्टैंड के सामने, चूड़ी मार्केट और जामा मस्जिद के आसपास लगी अवैध दुकानों को हटाया गया।
विभाग के अनुसार, कई लोग सर्विस लाइन और मुख्य मार्ग पर फल-फ्रूट की दुकानें, मीट-बिरयानी के स्टॉल, वेल्डिंग कार्य, पंचर लगाने और कबाड़ रखने जैसे काम कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था। प्रशासन ने ऐसे सभी अतिक्रमणों को हटाकर मार्ग को सुचारु बनाने का प्रयास किया। एसडीएम ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी।उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।