अवैध कब्जे से राहगीरों को परेशानी, यातायात व्यवस्था हो रही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। शहर में प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद एक बार फिर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जे बढ़ने लगे हैं। मुख्य बाजार से लेकर प्रमुख मार्गों और फुटपाथों तक दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों ने सामान फैलाना शुरू कर दिया है। इसके चलते राहगीरों को पैदल चलने के लिए जगह नहीं मिल रही। वहीं वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
शहर में अतिक्रमण की समस्या नई नहीं है। नगर परिषद और प्रशासन समय-समय पर अभियान चलाकर सड़क किनारे रखे सामान और अस्थायी कब्जों को हटाता है। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए सड़कें और फुटपाथ साफ नजर आते हैं, लेकिन अभियान समाप्त होते ही स्थिति धीरे-धीरे पहले जैसी हो जाती है। इससे सवाल उठता है कि आखिर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को स्थायी रूप क्यों नहीं दिया जा रहा।
फुटपाथ बने दुकानों का हिस्सा
शहर के कई हिस्सों में फुटपाथों पर दुकानदारों ने सामान रख लिया है। कहीं फल-सब्जी की रेहड़ियां खड़ी हैं तो कहीं दुकानों का सामान सड़क तक फैला हुआ है। इससे पैदल चलने वालों को मजबूरी में मुख्य सड़क पर उतरना पड़ता है।
सड़कों की चौड़ाई पहले ही सीमित है। ऐसे में दोनों ओर अतिक्रमण होने से वाहनों के निकलने के लिए कम जगह बचती है। व्यस्त समय में यहां जाम की स्थिति बन जाती है।
शहरवासियों मनोज कुमार, अशोक, ताहिर व इलियास की मांग है कि प्रशासन केवल अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने तक सीमित न रहे, बल्कि इसके बाद नियमित निगरानी की व्यवस्था भी करे।
वर्जन
अतिक्रमण को कई बार हटवाया गया है। अब फिर त्योहार के सीजन से पहले बाजार से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। - संजय मनोचा, अध्यक्ष, नगर परिषद, नूंह