ओल्ड जीटी रोड स्थित आंबेडकर भवन में पलवल, फरीदाबाद, नूंह, गुरुग्राम, रेवाड़ी आदि से पहुंचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। ओल्ड जीटी रोड स्थित आंबेडकर भवन में रविवार को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ महापंचायत की गई। इसमें पलवल, फरीदाबाद, नूंह, गुरुग्राम, रेवाड़ी, मथुरा, अलीगढ़, जेवर, खुर्जा, भरतपुर और डीग सहित विभिन्न क्षेत्रों से समाजबंधुओं, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
महापंचायत की अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ. उदयभान ने की। इसमें भ्रूण हत्या, नशाखोरी, दहेज प्रथा, मृत्युभोज तथा शादी-विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सुधार के लिए लिए गए फैसलों को केवल बैठकों तक सीमित न रखकर परिवार और समाज में व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
महापंचायत में 6 सितंबर को मंडकोला में 52 पाल की पंचायत द्वारा सामाजिक सुधार को लेकर लिए गए निर्णयों को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी चर्चा हुई। इनमें शादी-विवाह की रस्मों को सीमित करने, दहेज और अनावश्यक लेन-देन बंद करने तथा सामाजिक आयोजनों में होने वाले खर्च को कम करने जैसे निर्णय शामिल हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने महापंचायत में पहुंचे वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं, समाजबंधुओं और सामाजिक संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने सभी से सामाजिक सुधार के लिए लिए गए संकल्पों को धरातल पर लागू करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महापंचायत में होडल विधायक हरिंदर सिंह, चौ. पूरण प्रकाश, विधायक बलदेव, चौ. रामरतन, देवेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।