संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। परिवहन के दौरान कंसाइनमेंट से करीब 10.14 लाख रुपये कीमत का सामान गायब होने का मामला सामने आया है। थाना सदर पुलिस ने सेफएक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर चालक कय्यूम निवासी गुढ़ी, तावडू सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, कंपनी को माउंटेन वैली स्प्रिंग्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कंसाइनमेंट में लगातार सामान कम मिलने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद वाहन की जीपीएस लोकेशन पर निगरानी रखी गई। 16 सितंबर को वाहन निर्धारित मार्ग के बजाय सिकारपुर स्थित कृष्णा होटल के पास रुका मिला। कंपनी प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तो चालक कथित तौर पर वाहन से सामान निकालकर कार में रखता मिला। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। जांच में 56 पैकेजों से 1,314 यूनिट सामान गायब मिला, जिसकी कीमत 10,14,741 रुपये बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।