फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाम के चलते एक किलोमीटर का सफर हुआ वाहन चालकों का पांच घंटे में पूरा

विज्ञापन
विज्ञापन
पलवल। शहर में हर दिन लगने वाले जाम से वैसे ही लोग परेशान रहते हैं शुक्रवार को तो जाम की हद ही हो गई। शुक्रवार सुबह से जाम लगना शुरू हुआ तो शनिवार सुबह तड़के 3 बजे जाकर खुला। इस दौरान वाहन चालक जाम से जूझते रहे। कुसलीपुर से लेकर आलापुर तक 10 किलोमीटर लंबे इस जाम ने ठंड के मौसम में भी लोगों के पसीने छुड़ा दिए। इस जाम से निपटने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से फेल हो गया। जाम में फंसे लोग स्वयं जाम को खुलवाने का प्रयास करते रहे। इतना ही नहीं रसूलपुर चौक पर तो एक दूल्हा तीन घंटे तक जाम में फंसने के बाद स्वयं जाम को खुलवाने में लग गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद वह दूल्हा बस अड्डा चौक पार कर पाया।
विज्ञापन

जाम में फंसे अन्य शहरों के लोग ही नहीं स्थानीय लोग भी परेशान रहे। स्थानीय लोगों ने फेसबुक, ट्विटर व अन्य सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट डालकर कोई प्रशासन को तो कोई पुलिस को और कोई सरकार व सरकार से जुड़े विधायकों व मंत्रियों को इस जाम का जिम्मेदार ठहराता रहा। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को देर रात तक जाम का मुद्दा छाया रहा। लेकिन इसका असर न तो पुलिस पर दिखाई दिया और न ही प्रशासन व स्थानीय नेताओं पर दिखा। हालात ये थे कि जो जाम में फंस गया, वह आगरा चौक से लेकर बस अड्डा तक के एक किलोमीटर लंबी दूरी को पांच से छह घंटे में तय कर पाया।
जाम का कारण है एलीवेटिड पुल निर्माण
पलवल शहर में हूडा चौक से लेकर आगरा चौक तक लगने वाले जाम का मुख्य कारण एलीवेटिड निर्माण है। जो पिछले पांच सालों से चल रहा है। शुक्रवार को उस समय जाम लगना शुरू हुआ, जब एलीवेटिड पुल निर्माण के लिए आगरा चौक पर गाडर डालने का काम शुरू हुआ। शाम होते ही शादियों के कारण जाम लगना शुरू हो गया जो शनिवार सुबह तड़के तीन बजे तक रहा।
विज्ञापन

दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर बने बैंक्वेट हॉल भी रहे जाम का कारण
दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर बने हुए बैंक्वेट हॉल भी शुक्रवार को लगे जाम का मुख्य कारण रहे। शाम को जैसे ही शादियां शुरू हुईं तो बैंक्वेट हॉल के सामने सड़कों के किनारे वाहन खड़े होने शुरू हो गए। उसके बाद वाहनों के उल्टे-सीधे सड़कों पर खड़े होने के कारण जाम लगना शुरू हो गया, जो खुलने का नाम नहीं लिया। इससे लोग पूरी तरह से परेशान रहे।
मैंने पलवल में इतना जाम पहले कभी नहीं देखा। जाम तो यहां अक्सर 12 महीने रहता है, लेकिन दो से तीन घंटे में जाम खुल जाता है, लेकिन शुक्रवार को लगे लगातार 18 घंटे तक जाम ने वाहन चालकों के पसीने छुड़ा दिए।
- मनीष जैन, पलवल
मैं फरीदाबाद से पलवल आया। शाम पांच बजे फरीदाबाद से चलने के बाद रात को 12 बजे पलवल अपने घर पहुंचा। जबकि फरीदाबाद से पलवल मेेरे घर तक का सफर मात्र 45 मिनट का है। शुक्रवार को जाम इतना था कि निकलना मुश्किल हो गया।
- अभिषेक देशवाल, पलवल
जाम से निपटने के लिए पूरा पुलिस विभाग लगा रहा। सभी थाना व चौकी प्रभारियों के अलावा यातायात पुलिस टीम जाम खुलवाने में लगे रहे। वाहन चालकों को निकालने का प्रयास किया गया। राजमार्ग पर बैंक्वट हॉल संचालकों को भी पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। बैंक्वट हॉल संचालकों के कारण यदि आगे जाम लगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राजमार्ग व लिंक मार्गों पर जाम से निपटने के लिए विभाग हर समय तैयार है।
विज्ञापन

- राजेश दुग्गल, पुलिस अधीक्षक पलवल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें