अधूरा रास्ता जहां पुल निर्माण होना है
फिरोजपुर डिस्ट्रीब्यूटरी नाले पर पुल नहीं बनने से महीनों से टूटा हुआ है संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। खंड के पापड़ा से नेवाना गांव तक सड़क तो बना दी गई, लेकिन मामलिका गांव के बेंदाडा के पास में फिरोजपुर डिस्ट्रीब्यूटरी नाले पर पुल बनाना विभाग भूल गया। इसके चलते सड़क बनने के बावजूद लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। नाले पर पुल नहीं होने से दोनों तरफ का संपर्क कई महीनों से टूटा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार परेशानी सामने आने के बावजूद संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले मार्केटिंग बोर्ड कमेटी की ओर से पापड़ा से नेवाना गांव तक सड़क का निर्माण कराया गया था। उस दौरान फिरोजपुर डिस्ट्रीब्यूटरी नाले के ऊपर बड़े ह्यूम पाइप (कुलाबे) डालकर अस्थायी रास्ता बनाया गया था, ताकि सड़क के दोनों तरफ आवागमन जारी रह सके, लेकिन बाद में सिंचाई विभाग ने कुलाबों को हटा दिया गया। इसके बाद से नाले के दोनों तरफ का संपर्क टूट गया। यह रास्ता पापड़ा से मामलिका और नेवाना सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ता है।
ग्रामीण हकमुद्दीन हाफिज, रुजदार, एडवोकेट आरिफ और दिलावर ने बताया कि जब इस सड़क का निर्माण हुआ था तो लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन नाले पर पुल नहीं होने से सड़क का उद्देश्य ही अधूरा रह गया है।
कोट
नाले पर पुल निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर फाइल मंजूरी के लिए भेज दी गई है। जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - रियाज खान, जेई, मार्केटिंग बोर्ड