संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। निजी बैंक से कर्जा दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ शिकायतों के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इस संदर्भ में शिकायत कर्ता बाबूपुर निवासी शहजाद ने बताया कि पुलिस को कई बार शिकायत की गई। सीएम विंडों पर भी शिकायत की गई। इसके बावजूद पुलिस ने न तो केस दर्ज किया और न ही अन्य कोई कार्रवाई की। पीड़ित ने बताया कि यदि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वे छह जून को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जिला मुख्यालय में आगमन पर पेश होकर लिखित शिकायत देकर गुहार लगाएंगे।
शहजाद ने सीएम विंडो क्रमांक नंबर 037782 के माध्यम से 18 अप्रैल को लिखित शिकायत दी थी। इसकी जांच डीएसपी मोहिंदर सिंह स्वयं बुलाकर कर चुके हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इससे पूर्व इस संदर्भ में शिकायत हथीन थाना में 17 अप्रैल को की गई थी। शिकायत पावती रसीद नंबर 58 बुक नंबर 15 भी पुलिस ने उन्हें दी। परन्तु आज तक पुलिस ने न तो शिकायतकर्ता को बुलाया और न ही कोई कार्रवाई की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, निजी बैंक से कर्जा दिलाने का झांसा देकर बाबुपर निवासी शहजाद से 73 हजार रुपये, इसी गांव के शहीद से एक लाख 15 हजार रुपये ,मैमुना से 30 हजार एवं लड़माकी निवासी तालीम से एक लाख बीस हजार रुपये ठग लिए। पीड़ितों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, जमीन की रजिस्ट्री एवं अन्य कागजात भी आरोपी ने ले लिए। आज तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इस संदर्भ में डीएसपी मोहिंदर सिंह का कहना है कि अभी जांच जारी है। जांच में जो निष्कर्ष निकलेगा उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।